Hapur News: इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Hapur News: हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-07 22:19 IST

इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बाबूगढ़ क्षेत्र से सामने आए एक मामले ने पूरे शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। एक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर कक्षा 11 की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रधानाचार्य महेश चंद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में गहरा आक्रोश है और स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर फिर बहस छिड़ गई है।

'ऑफिस में आओ...' फिर चॉकलेट के बहाने अश्लील हरकत

एफआईआर के मुताबिक, 9 जुलाई की सुबह प्रधानाचार्य ने छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया। आरोप है कि पहले उसे चॉकलेट देने की कोशिश की गई और मना करने पर उसका हाथ पकड़कर जबरन चॉकलेट खिलाने का प्रयास किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की गई। छात्रा ने विरोध किया और अपने पिता को बताने की बात कही तो वह किसी तरह कार्यालय से बाहर निकल आई।

डर ऐसा कि छात्रा ने छोड़ दिया कॉलेज जाना

घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई। उसने कॉलेज जाने से इनकार कर दिया और परिवार से नाम कटवाने की जिद करने लगी। परिजनों ने जब वजह पूछी तो छात्रा ने अपनी बहन को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया।

'किसी को मत बताना...' नए कपड़े और उपहार का लालच 

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि कुछ दिन बाद प्रधानाचार्य ने छात्रा को दोबारा बुलाने की कोशिश की और नए कपड़े, पसंदीदा सामान व अन्य उपहार देने का लालच दिया ताकि वह किसी से घटना का जिक्र न करे। छात्रा ने आरोपी की बात मानने से इनकार कर दिया।

शिकायत के बाद समझौते का दबाव और बदनाम करने की धमकी 

पीड़िता के पिता का कहना है कि उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष की ओर से लगातार समझौते का दबाव बनाया गया। एफआईआर में यह भी आरोप है कि शिकायत वापस नहीं लेने पर छात्रा को बदनाम करने और उसके भविष्य को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं।

पुलिस ने किया गिरफ्तार, विभाग ने भी दिखाई सख्ती

मामले की गंभीरता को देखते हुए बाबूगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य महेश चंद शर्मा समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य महेशचंद शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी आनंद लोक न्यू शिवपुरी को ग्राम होशदारपुर गढ़ी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस बोली- जांच जारी, साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News