Hapur News: जुमे की नमाज और कांवड़ यात्रा साथ, हाई अलर्ट पर पुलिस; ड्रोन-CCTV से होगी कड़ी निगरानी

Hapur News: जुमे की नमाज और कांवड़ यात्रा को लेकर हापुड़ पुलिस हाई अलर्ट पर है। ड्रोन, CCTV और इंटेलिजेंस टीमों से निगरानी की जा रही है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-07 13:40 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: सावन माह की कांवड़ यात्रा अपने अंतिम और सबसे संवेदनशील चरण में पहुंच चुकी है। शुक्रवार को जुमे की नमाज और कांवड़ यात्रा एक साथ होने के कारण हापुड़ पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। जिले के संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल, पीएसी और खुफिया एजेंसियों को तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिवभक्त कांवड़ियों की यात्रा और जुमे की नमाज दोनों शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हों।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ मार्ग और मस्जिदों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था

हापुड़-बुलंदशहर कांवड़ मार्ग पर स्थित ईदगाह परिसर की मस्जिद में हर शुक्रवार बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज अदा करने पहुंचते हैं। इसी मार्ग से हजारों शिवभक्त कांवड़िए भी गुजरते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से विशेष श्रेणी में रखा है।इसके अलावा बुलंदशहर रोड सहित जिले की अन्य प्रमुख मस्जिदों के बाहर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

ड्रोन, CCTV और सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी

जिले में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से प्रत्येक संवेदनशील स्थान की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया लैब को भी सक्रिय कर दिया गया है, जहां फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे संदेशों और पोस्ट पर नजर रखी जा रही है।पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री सामने आने पर तत्काल साइबर टीम कार्रवाई करेगी।

इंटेलिजेंस एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय

जुमे की नमाज और कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ इंटेलिजेंस यूनिट भी लगातार सक्रिय है। संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का सख्त संदेश

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि सोशल मीडिया लैब भी 24 घंटे सक्रिय है। उन्होंने कहा कि "जो भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

पुलिस प्रशासन ने सभी धर्मों के लोगों से शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि हापुड़ हमेशा से सामाजिक सौहार्द का उदाहरण रहा है और इस बार भी प्रशासन का पूरा प्रयास है कि कांवड़ यात्रा और जुमे की नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Tags:    

Similar News