Hapur News: तेज रफ्तार कार बनी काल, देहरा मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

Hapur News: हापुड़ के देहरा मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने दर्दनाक सड़क हादसा किया। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-15 11:01 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। गांव देहरा स्थित आंबेडकर भवन के सामने बने खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

देहरा कुटी से वैट की ओर जा रहे थे युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह चार युवक कार में सवार होकर गांव देहरा कुटी से वैट की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी। जैसे ही कार आंबेडकर भवन के सामने बने मोड़ पर पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और तुरंत पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी गई।

पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर चलाया राहत अभियान

सूचना मिलते ही थाना बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल युवकों को सरकारी वाहन, निजी गाड़ियों और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़मुक्तेश्वर पहुंचाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मृतकों और घायलों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव अल्लीपुर नानई निवासी मिथुन और मेरठ निवासी विशांत त्यागी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवकों की पहचान बुलंदशहर जनपद के थाना स्याना क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी ललित और रवि के रूप में हुई है। दोनों का मेरठ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

थाना बहादुरगढ़ प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और सभी परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

परिवारों में मचा कोहराम

दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव अल्लीपुर नानई और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। वहीं घायल युवकों के परिजन मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं और लगातार डॉक्टरों से उनकी हालत की जानकारी ले रहे हैं।

Tags:    

Similar News