Hapur News : महादेव मंदिर पर रंगदारी का साया, हर साल 5 लाख मांगने का आरोप, केस दर्ज
Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर के महादेव मंदिर संचालक ने रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
Extortion Threat at Mahadev Temple in Hapur
Hapur News :-धर्मस्थलों तक पहुंच चुके कथित रंगदारी गैंग को लेकर गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में बड़ा मामला सामने आया है। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित प्राचीन श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के संचालक ने बदमाशों पर मंदिर की दान पेटी, कृषि भूमि की आय और धार्मिक व्यवस्था पर दबाव बनाकर हर साल पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये वसूलने और बाद में चार लाख रुपये की अतिरिक्त डिमांड करने का भी आरोप है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
“दान पेटी से हिस्सा चाहिए”, मंदिर संचालक का बड़ा आरोप
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा से जुड़े स्वामी सूर्यानंद गिरी महाराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के संचालक हैं। मंदिर में मंशा गिरी महाराज भी निवास करते हैं।
आरोप है कि खिलवाई गांव निवासी गजेंद्र त्यागी पिछले कई महीनों से अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मंदिर पहुंच रहा था और मंदिर में आने वाले चढ़ावे, दान पात्र तथा कृषि भूमि से होने वाली आय में हिस्सा मांग रहा था। विरोध करने पर धमकियां दी जाने लगीं।
“हर साल पांच लाख नहीं दिए तो हत्या कर देंगे”
तहरीर के अनुसार आरोपी ने साफ तौर पर कहा कि हर साल पांच लाख रुपये देने होंगे, अन्यथा जान से मार दिया जाएगा। लगातार धमकियों और भय के माहौल के चलते मंदिर संचालक ने एक लाख रुपये आरोपी को दे दिए।लेकिन आरोप है कि रकम लेने के बाद भी आरोपी नहीं रुके और बाकी चार लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। साथ ही भविष्य में भी लगातार रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था।मंदिर संचालक ने पुलिस को बताया कि आरोपी की धमकियों से वह बेहद डरे हुए हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मर्डर केस में सजायाफ्ता होने का दावा, FIR में कई गंभीर आरोप
एफआईआर में दावा किया गया है कि आरोपी गजेंद्र त्यागी का आपराधिक इतिहास रहा है। तहरीर के मुताबिक वह वर्ष 1988 के मेरठ मर्डर केस में आजीवन कारावास की सजा पा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसके अलावा आरोपी पर आगजनी और अन्य मामलों मे मुकदमे दर्ज है।हालांकि पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मंदिर से जुड़ा मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज
धार्मिक स्थल से जुड़े इस मामले ने पूरे गढ़ क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि अगर मंदिर संचालक ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।मामले को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। वहीं पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस जांच में जुटी, सीओ स्तुति सिंह का बयान
गढ़ सर्किल की सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मंदिर संचालक की तहरीर के आधार पर गजेंद्र त्यागी और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य जांच में सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।