Hapur News: हापुड़ अतुल तोमर हत्याकांड: एनकाउंटर की मांग तेज, 8 पर FIR, परिजनों ने शव लेने से इनकार

Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा में अतुल तोमर हत्याकांड के बाद माहौल तनावपूर्ण है। 8 लोगों पर FIR दर्ज हुई है, जबकि परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-12 16:27 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: हापुड़ जनपद के पिलखुवा क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर और राष्ट्रीय हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष अतुल तोमर की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। इस मामले में मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा के जिला मंत्री समेत चार नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना के बाद गांव गालंद और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। वहीं, गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में परिजनों ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। देर रात तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस को परिजनों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतक की मां मधु तोमर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या पुरानी रंजिश और प्लॉट विवाद के चलते की गई है। उन्होंने गांव के मंजीत, भाजपा जिला मंत्री नवीन तोमर, ब्रजमोहन और श्रीपाल उर्फ पप्पू समेत चार अज्ञात लोगों को नामजद किया है। आरोप है कि सभी आरोपी लंबे समय से धमकी दे रहे थे और गांव में उनका दबदबा था।

तहरीर के अनुसार, 11 मई की रात करीब 10:45 बजे अतुल तोमर अपने साथी अशोक के साथ रिलायंस रोड स्थित “चकना फास्ट फूड” से कार द्वारा गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव गालंद जाने वाले रास्ते पर जिम के पास पहुंची, तभी पीछे से आई एक कार ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि कार से उतरे आरोपियों के पास तमंचे और पिस्टल थे। यह देखकर अतुल का साथी अशोक मौके से भाग गया। इसी दौरान बाइक पर सवार चार अज्ञात युवक भी वहां पहुंच गए। सभी आरोपियों ने अतुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि नवीन तोमर ने कार का शीशा तोड़कर अतुल की छाती में गोली मारी और मौके पर ही हमलावर फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अतुल को पहले रामा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अतुल की मौत की खबर मिलते ही गांव गालंद में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक अस्पताल पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है।

अस्पताल में परिजनों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया। परिवार का कहना है कि केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए। उनका आरोप है कि पहले कई बार शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। पुलिस का कहना है कि मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

थाना प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Tags:    

Similar News