Hapur News: प्रॉपर्टी डीलर की निर्मम हत्या, शादी समारोह से लौटते वक्त बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा में प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-12 09:51 IST

Hapur Atul Tomar Murder Case

Hapur News: हापुड़ जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। गालंद गांव के पूर्व प्रधान कालू के पुत्र, राष्ट्रीय हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष और प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने रिलायंस रोड पर अतुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मनजीत अभी फरार बताया जा रहा है।

शादी समारोह में हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार अतुल तोमर सोमवार रात गाजियाबाद के भोजपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहीं गांव के ही मनजीत और कुछ अन्य लोगों से उनकी कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि यह विवाद पुरानी रंजिश, प्रॉपर्टी कारोबार और पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा था।शादी समारोह से लौटते समय जैसे ही अतुल रिलायंस रोड पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।गंभीर रूप से घायल अतुल सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उनकी मौत हो गई।

मुख्य आरोपी मनजीत पर पहले भी गंभीर मुकदमे

सूत्रों के अनुसार हत्या का मुख्य आरोपी मनजीत पहले भी रेप और हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि मनजीत और अतुल के बीच लंबे समय से प्रॉपर्टी और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।पुलिस को आशंका है कि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई। जांच एजेंसियां अब कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के संभावित ठिकानों की जांच कर रही हैं।

रिलायंस रोड पर देर रात चली गोलियां, दहशत में लोग

घटना के दौरान रिलायंस रोड पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। अचानक हुई फायरिंग से लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाश बेहद बेखौफ अंदाज में आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और देर रात तक इलाके में सर्च अभियान चलता रहा।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, कई टीमें आरोपियों की तलाश में

वारदात की सूचना पर हापुड़ एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी और सीओ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से खोखे और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी मनजीत की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह का बयान

हापुड़ पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पिलखुवा थाना क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना बेहद गंभीर है। शुरुआती जांच में मामला आपसी लेन-देन और प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और घायल अतुल तोमर को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Tags:    

Similar News