Hapur news: NH-09 पर दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, महिला की मौके पर मौत, पति-पुत्र घायल
Hapur news: हापुड़ के NH-09 पर दर्दनाक हादसा! तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत जबकि पति और 12 वर्षीय बेटा गंभीर घायल। पुलिस CCTV के जरिए फरार वाहन की तलाश में जुटी।
Hapur news: जनपद हापुड़ में नेशनल हाईवे-09 पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे परिवार को मातम में बदल दिया। थाना देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती और उनके मासूम बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और 12 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, बदायूं जिले के थाना उगेती क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी सूरजपाल अपनी पत्नी सरोज (35) और बेटे प्रियांशु (12) के साथ बाइक से दिल्ली लौट रहे थे। बताया गया कि परिवार मुरादाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था और सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वापस लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में एनएच-09 स्थित गांव ततारपुर के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर बिछ गई चीख-पुकार, महिला ने तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी। हादसे में सरोज गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सूरजपाल और उनका बेटा प्रियांशु सड़क पर तड़पते रहे। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
चालक वाहन समेत मौके से फरार
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पति की हालत नाजुक, मेरठ रेफर
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान सूरजपाल की हालत लगातार बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। वहीं 12 वर्षीय प्रियांशु का उपचार हापुड़ के निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतका और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग बदहवास हालत में हापुड़ के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल पिता-पुत्र को अस्पताल पहुंचाया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।