Hapur News: दहेज लोभियों की हैवानियत! विवाहिता को पीटकर मायके फेंका, आठ आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज
Hapur News: हापुड़ में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर मायके भेजने का आरोप। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
Hapur News: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने, मारपीट करने, गला दबाकर हत्या का प्रयास करने और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार उसकी शादी 23 नवंबर 2024 को दिल्ली के शकरपुर निवासी सन्नी त्यागी उर्फ लवी त्यागी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी में उसके मायके पक्ष ने अपनी क्षमता से बढ़कर करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी में सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी और अन्य घरेलू वस्तुएं भी दी गई थीं। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।
स्कॉर्पियो कार और पांच लाख रुपये की मांग का आरोप
विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति सन्नी त्यागी उर्फ लवी त्यागी, ससुर राजकुमार त्यागी, सास पूनम त्यागी, ननद राशिका त्यागी, नंदोई आकाश त्यागी, जेठ अंकुर त्यागी, संगीता त्यागी और नानकचंद त्यागी ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोपित लगातार स्कॉर्पियो कार और पांच लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे कई बार खाना तक नहीं दिया गया और मामूली बातों पर भी प्रताड़ित किया जाता था। विरोध करने पर उसे मायके से पैसे लाने के लिए मजबूर किया जाता था। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे बार-बार यह कहते थे कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसे घर में नहीं रहने दिया जाएगा।
पति के दूसरी युवती से संबंध होने का आरोप
रिपोर्ट में विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति के एक अन्य युवती से संबंध थे। जब उसने इस बात का विरोध किया तो पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार उसके प्रति और अधिक आक्रामक हो गया। आरोप है कि इसके बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा और उसके साथ दुर्व्यवहार बढ़ गया।
गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप
विवाहिता के अनुसार 23 सितंबर 2025 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पति सन्नी त्यागी उर्फ लवी त्यागी ने उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। शोर सुनकर जब वह बचने की कोशिश करने लगी तो परिवार के अन्य सदस्य भी उसके साथ मारपीट करने लगे।पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उसके जेठ अंकुर त्यागी ने गलत नियत से उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। घटना के बाद वह काफी डरी-सहमी रही, लेकिन परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को देखते हुए उसने मामला सार्वजनिक नहीं किया।
गंभीर हालत में मायके छोड़कर गए आरोपित
पीड़िता के अनुसार 3 अक्टूबर 2025 को भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि ससुर राजकुमार त्यागी और नानकचंद त्यागी उसे गंभीर हालत में कार में डालकर हापुड़ स्थित उसके मायके छोड़ गए। जाते समय आरोपितों ने साफ कह दिया कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक उसे वापस घर नहीं ले जाया जाएगा।परिजनों ने समाज और रिश्तेदारी में बदनामी के डर से काफी समय तक मामले को दबाए रखा और निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया। हालांकि, आरोपितों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आने पर आखिरकार पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति समेत आठ आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।