Hapur News: खेतों के नलकूप बने निशाना, मोटर-स्टार्टर और तांबे का तार चोरी,पुलिस गश्त पर उठे सवाल

Hapur News: हापुड़ में खेतों के नलकूपों से मोटर, स्टार्टर और तांबे के तार चोरी होने की घटनाएं बढ़ीं। किसानों में नाराजगी है और पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। जांच जारी है।

By :  Avnish Pal
Update:2026-05-10 13:18 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गांव श्यामपुर के जंगलों में स्थित किसानों के नलकूपों को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने कई स्थानों पर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर कहीं से स्टार्टर और तांबे का तार चोरी कर ले गए तो कहीं नलकूप की मोटर तक उखाड़ ले गए। एक साथ कई किसानों के खेतों में हुई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित किसानों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।

सुबह खेत पहुंचे किसानों के उड़े होश

पीड़ित किसान बिजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पूर्व सैनिक हैं। नौ मई की सुबह करीब छह बजे जब वह अपने खेत पर पहुंचे तो नलकूप की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। नलकूप से स्टार्टर और तांबे का तार गायब था। चोरी की सूचना फैलते ही आसपास के किसान भी अपने-अपने खेतों पर पहुंचे, जहां कई अन्य नलकूपों से भी सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई।ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने सुनियोजित तरीके से खेतों में लगे नलकूपों को निशाना बनाया। संदीप नामक किसान के नलकूप से तो चोर पूरी मोटर ही उखाड़कर ले गए। इसके अलावा करीब दस अन्य किसानों के नलकूपों से स्टार्टर और तांबे का तार चोरी कर लिया गया। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से किसानों में भय का माहौल बना हुआ है।

इन किसानों को बनाया गया निशाना

पीड़ित किसानों में सुखपाल सिंह, पुष्पेंद्र, जोगिंदर, महावीर सिंह, ओमवीर सिंह, संदीप, विजेंद्र, किरण, कपिल, महेंद्र सिंह और रोहित समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में लगे नलकूप उनकी खेती की रीढ़ हैं और इस तरह की चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात के समय खेतों की ओर पुलिस गश्त बेहद कमजोर रहती है, जिसका फायदा उठाकर चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

खेती पर पड़ सकता है बड़ा असर

इस समय खेतों में सिंचाई का कार्य चल रहा है और नलकूपों से मोटर व तार चोरी होने से किसानों की फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि एक मोटर और स्टार्टर की कीमत हजारों रुपये होती है, जिसे दोबारा लगवाना छोटे किसानों के लिए आसान नहीं है।लगातार बढ़ती चोरी की घटनाएं खेती-किसानी पर सीधा असर डाल रही हैं।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि किसानों की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News