Hapur News: पत्नी को कचहरी में मिली मौत की धमकी, पति और उसके साथी पर मुकदमा दर्ज
Hapur News: हापुड़ कचहरी में पारिवारिक विवाद के दौरान महिला ने पति और उसके साथी पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस जांच में जुटी।
पत्नी को कचहरी में मिली मौत की धमकी, पति और उसके साथी पर मुकदमा दर्ज (Photo- Newstrack)
Hapur News: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्रीगंज रोड स्थित कचहरी परिसर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला को धमकी देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर मध्यस्थता के लिए पहुंची महिला ने अपने पति और उसके साथी पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार, जिला गाजियाबाद के राकेश मार्ग निवासी सोनी का अपने पति विनय निवासी गांव सिखैड़ा के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों के बीच मामला हापुड़ कचहरी स्थित न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय के निर्देश पर सात मई को दोनों पक्षों को मध्यस्थता प्रक्रिया के लिए बुलाया गया था।
कचहरी परिसर में गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
पीड़िता सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह जैसे ही कचहरी परिसर पहुंची, वहां मौजूद उसके पति विनय और उसके साथी अनमोल ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने उसे अपशब्द कहे और मध्यस्थता के लिए आने पर नाराजगी जताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
शोर सुनकर मौके पर जुटी भीड़
महिला के शोर मचाने पर कचहरी परिसर में मौजूद अधिवक्ता, वादकारी और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ एकत्र होती देख आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
पति विनय और साथी अनमोल पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पति विनय और उसके साथी अनमोल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।