Hapur News : हापुड़ में 40 हजार की रिश्वत लेते दबोचा गया चकबंदी अधिकारी, 10 घंटे जंगल में डटी रही एंटी करप्शन टीम
Hapur News : हापुड़ में सहायक चकबंदी अधिकारी 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम 10 घंटे जंगल में डटी रही।
Hapur Corruption News
Hapur News: हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। खादर क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में तैनात सहायक चकबंदी अधिकारी को मेरठ एंटी करप्शन टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई इतनी फिल्मी रही कि आरोपी अधिकारी रिश्वत के रुपये लेकर बाइक से पहुंचा और टीम को देखकर नोट झाड़ियों में फेंक दिए, लेकिन करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद एंटी करप्शन टीम ने रुपये बरामद कर लिए और आरोपी को दबोच लिया।इस कार्रवाई के दौरान एंटी करप्शन की 18 सदस्यीय टीम करीब 10 घंटे तक भीषण धूप में जंगल के बीच भूखी-प्यासी खड़ी रही। जैसे ही आरोपी अधिकारी रिश्वत लेने पहुंचा, टीम ने उसे धर दबोचा। पूरे इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है।
सही जगह खेत दिलाने के नाम पर मांगे थे 50 हजार रुपये
जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर खादर क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी किसान जनरल सिंह की करीब 26 बीघा जमीन की पैमाइश और चकबंदी प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि सहायक चकबंदी अधिकारी जयवीर सिंह सोम ने किसान को सही जगह चक देने और पैमाइश कराने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।किसान ने अधिकारी से काफी विनती की, लेकिन आरोपी 40 हजार रुपये से कम लेने को तैयार नहीं हुआ। लगातार हो रही मांग से परेशान किसान ने मेरठ एंटी करप्शन टीम से शिकायत कर दी।
सुबह 7 बजे पहुंच गई थी टीम, शाम 5 बजे आया रिश्वतखोर अधिकारी
शिकायत मिलने के बाद मेरठ एंटी करप्शन की टीम ने जाल बिछाया। इंस्पेक्टर अर्चना सिंह के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम मंगलवार सुबह करीब 7 बजे ही खादर क्षेत्र में पहुंच गई थी। टीम को सूचना थी कि आरोपी सुबह ही रिश्वत लेने आएगा, लेकिन अधिकारी ने पूरे दिन इंतजार करवाया।करीब 10 घंटे तक जंगल और खेतों के बीच बिना खाने-पानी के टीम इंतजार करती रही। आखिरकार शाम करीब 5 बजे आरोपी अधिकारी मौके पर पहुंचा। बताया गया कि उसने अपनी कार काफी दूर खड़ी कर दी थी और बाइक से रिश्वत लेने पहुंचा, ताकि किसी को शक न हो।
नोट मिलते ही झाड़ियों में फेंके रुपये, फिर भी नहीं बच पाया
जैसे ही किसान ने आरोपी अधिकारी को 40 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। खुद को फंसता देख आरोपी अधिकारी ने रिश्वत के रुपये झाड़ियों में फेंक दिए।हालांकि टीम ने हार नहीं मानी और करीब आधे घंटे तक झाड़ियों में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली लाया गया।
“10 घंटे भूखे-प्यासे खड़ी रही टीम”
एंटी करप्शन के एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि टीम सुबह सात बजे से ही खादर क्षेत्र में मौजूद थी। जंगल में खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं थी, फिर भी पूरी टीम आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए डटी रही।उन्होंने बताया कि जैसे ही आरोपी रिश्वत लेने पहुंचा, तुरंत कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी ने दी कार्रवाई की पुष्टि
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने सहायक चकबंदी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। टीम कोतवाली में मौजूद है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।