Hardoi News: सोने की मूर्ति का झांसा देकर महिला और उसकी बेटी से 10 लाख की ठगी, तमंचा दिखाकर लूटा
Hardoi News: हरदोई के शाहाबाद में सोने की मूर्ति मिलने का लालच देकर मां-बेटी से 10 लाख रुपये ठग लिए गए। विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर नकदी लूट ली।
सोने की मूर्ति का झांसा देकर महिला और उसकी बेटी से 10 लाख की ठगी, तमंचा दिखाकर लूटा (Photo- Newstrack)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में सोने की मूर्ति मिलने का लालच देकर शाहजहांपुर निवासी एक महिला और उसकी बेटी को लाखों रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने शाहाबाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जिसके बाद पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
शाहजहांपुर के अहमदपुर रेती क्षेत्र निवासी दिन्नी देवी सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पुत्री उजाला सिंह कुछ दिनों से मायके आई हुई थीं। करीब 20 दिन पहले उनके निर्माणाधीन मकान में दो मजदूर काम करने आए थे। काम के दौरान दोनों ने परिवार से अच्छी जान-पहचान बना ली थी।
ये है पूरा मामला
आरोप है कि 18 जून को दोनों मजदूरों ने उजाला सिंह से संपर्क कर बताया कि खुदाई के दौरान उन्हें एक प्राचीन सोने की मूर्ति मिली है। उन्होंने मूर्ति को बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर बेचने का प्रस्ताव दिया। विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने मूर्ति से निकला हुआ बुरादा दिया, जिसे जांच कराने पर सोना बताया गया। अगले दिन दोनों ने शाहाबाद क्षेत्र के हर्रई मोड़ के पास फिर बुलाया और दोबारा मूर्ति का बुरादा निकालकर दिया। दूसरी बार भी जांच में बुरादा सोने का निकलने पर मां-बेटी को यकीन हो गया कि मूर्ति वास्तव में सोने की है।
पीड़िता के अनुसार इसके बाद उन्होंने अपने जेवर गिरवी रखकर करीब 10 लाख रुपये की व्यवस्था की और तय स्थान हर्रई मोड़ पहुंचीं। वहां पहले से मौजूद दोनों आरोपियों ने कथित रूप से मूर्ति देकर रुपये से भरा बैग मांगा। जब दिन्नी देवी ने पूरी मूर्ति की जांच कराने के बाद ही भुगतान करने की बात कही तो दोनों युवक भड़क गए।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने तमंचा निकाल लिया और डराने-धमकाने लगे। विरोध करने पर उजाला सिंह के साथ मारपीट की गई तथा रुपये से भरा बैग छीन लिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
कार्रवाई की मांग
घटना के बाद जब पीड़ित पक्ष ने मूर्ति की जांच कराई तो वह पीतल की निकली। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी और लूट का एहसास हुआ। पीड़िता ने शाहाबाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शाहाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।