Hardoi News: चैंबर तोड़े जाने से नाराज वकीलों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
Hardoi News: हरदोई में वकीलों ने लखनऊ सिविल कोर्ट में चैंबर तोड़े जाने और कथित अभद्रता के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई में समाजवादी अधिवक्ता सभा ने लखनऊ सिविल कोर्ट में अधिवक्ताओं के साथ हुई कथित अभद्रता और चैंबर हटाए जाने की कार्रवाई के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।सभा के जिलाध्यक्ष शारदा सिंह यादव ‘संजय’ एडवोकेट के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि बीते 17 मई को लखनऊ सिविल कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के चैंबर बुलडोजर से ध्वस्त कर दिए गए।
आरोप लगाया गया कि जब अधिवक्ताओं ने इस कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया और कई वकीलों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। इस घटना से अधिवक्ता समाज में भारी नाराजगी व्याप्त है।ज्ञापन में मांग की गई कि जिन अधिवक्ताओं के चैंबर हटाए गए हैं, उन्हें पुनः व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए ताकि वे अपना विधिक कार्य सुचारु रूप से कर सकें। साथ ही, विरोध के दौरान अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज और दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
लगातार प्रशासनिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है
अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप है कि लंबे समय से अधिवक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है और उन्हें लगातार प्रशासनिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।लखनऊ की घटना को लेकर हरदोई के अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश दिखाई दिया। उन्होंने सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।