Hardoi News: बड़े मंगल पर मंदिर में किन्नरों का हंगामा, धक्का-मुक्की के आरोप पर डेढ़ घंटे चला विवाद
Hardoi News: हरदोई के मंदिर में बड़े मंगल पर किन्नरों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता के आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: शहर के लखनऊ रोड स्थित एक मंदिर में मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजा करने पहुंची किन्नरों की टोली ने अपने साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और करीब डेढ़ घंटे तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप और कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हो सका।
जानकारी के अनुसार बड़े मंगल के अवसर पर कांशीराम कॉलोनी निवासी किन्नरों का एक समूह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचा था। किन्नरों का आरोप है कि वे श्रद्धालुओं की लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। आरोप यह भी लगाया गया कि भीड़ के बीच कुछ लोगों ने अनुचित हरकतें कीं, जिससे वे नाराज हो गए। घटना के बाद किन्नरों ने मंदिर परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि जिन लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया है, उन्हें सामने लाकर माफी मंगवाई जाए। हंगामे की सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को बुला लिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
देहात कोतवाली प्रभारी हरिनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। पुलिस और मंदिर प्रबंधन लगातार किन्नरों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। अंततः पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने सभी किन्नरों को ई-रिक्शा से सुरक्षित उनके ठिकाने के लिए रवाना कर दिया।
मंदिर में रही चर्चाओं का माहौल
घटना के दौरान मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालुओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए थे, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
महंत ने बताया दूसरा पक्ष
मंदिर के महंत नागेंद्र दास ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि आरती के समय मंदिर में काफी भीड़ थी और किन्नर बाहर निकलने वाले रास्ते से अंदर आने का प्रयास कर रहे थे। मंदिर के सेवकों ने उन्हें कुछ देर रुकने के लिए कहा था, लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।