Hardoi News: हरदोई में श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, 15 घायल, 6 की हालत गंभीर

Hardoi News: हरदोई के हरपालपुर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 15 लोग घायल हुए, जिनमें 6 की हालत गंभीर है। पुलिस जांच जारी है।

Update:2026-05-18 19:15 IST

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। इस दुर्घटना में महिलाएं और बच्चे समेत कुल 15 लोग घायल हो गए, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बरनई-चतरखा गांव के रामपुर मजरा स्थित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। गांव के लोग बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने ट्रैक्टर-ट्रॉली से गए थे। धार्मिक आयोजन समाप्त होने के बाद सभी श्रद्धालु वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उन्नाव-कटरा मार्ग पर इकनौरा गांव के पास स्थित एचपी गैस एजेंसी के नजदीक तेज रफ्तार ट्रॉली अचानक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रॉली में बैठे लोग संभल भी नहीं सके। कई लोग नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर हरपालपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। घायलों में प्रियांशी, प्रियंका, नैंसी, रामप्यारी, योगेश, सुदामा, गौरव, मुस्कान, संध्या, शिवानी, वर्षा, प्रेमवती, ओमवती, रामदेवी और कामिनी शामिल हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और वाहन की रफ्तार भी तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

Tags:    

Similar News