Hardoi News: हरदोई में भाजपा का जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू, संगठन मजबूती और विचारधारा पर दिया गया जोर

Hardoi News: हरदोई में भारतीय जनता पार्टी का जिला प्रशिक्षण वर्ग जेके रिसॉर्ट में शुरू हुआ। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, विचारधारा और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।

Update:2026-05-18 17:23 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई जनपद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सोमवार को शहर स्थित जेके रिसॉर्ट में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। प्रशिक्षण वर्ग की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने की।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय महामंत्री एवं वर्ग प्रभारी नीरज वर्मा, आबकारी राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल, सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, विधायक रामपाल वर्मा, आशीष सिंह आशु, मानवेंद्र प्रताप सिंह, श्याम प्रकाश, प्रभाष कुमार, विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मधुर मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन विभिन्न विषयों पर सात सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र की शुरुआत प्रदर्शनी अवलोकन के साथ हुई, जिसमें पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक इतिहास से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं। दूसरे सत्र में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राहुल राज रस्तोगी और क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री विमल सिंह ने संगठन की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

संगठन के भीतर जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने की सीख दी

तीसरे सत्र में वैचारिक अधिष्ठान विषय पर वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके विचार और अनुशासित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। वहीं चौथे सत्र में प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन के भीतर जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने की सीख दी।

पांचवें सत्र में प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी ने देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर चर्चा की, जबकि छठे सत्र में राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सातवें और अंतिम सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री ने विचार परिवार विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।वक्ताओं ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य केवल राजनीतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है जो समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क बनाए रखने और समाज के हर वर्ग के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।दिनभर चले प्रशिक्षण सत्रों के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रथम दिवस का समापन हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से आए सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News