Hardoi News: यूपीएसआरटीसी ने रचा इतिहास, गंगा एक्सप्रेसवे पर शुरू की बस सेवा
Hardoi News: यूपीएसआरटीसी ने गंगा एक्सप्रेसवे पर बस सेवा शुरू कर इतिहास रचा, अब हरदोई से दिल्ली का सफर सिर्फ 6 घंटे में होगा, किराया 638 रुपये रखा गया।
यूपीएसआरटीसी ने रचा इतिहास, गंगा एक्सप्रेसवे पर शुरू की बस सेवा (Photo- Newstrack)
Hardoi News: राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से गंगा एक्सप्रेसवे पर बस सेवा शुरू किए जाने के बाद हरदोई से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस नई सेवा का शुभारंभ हरदोई जनपद के बिलग्राम कट संख्या 329 से किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्यनिषेध मंत्री नितिन अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर बसों को दिल्ली के लिए रवाना किया।
इस नई पहल को परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे पर बस संचालन शुरू करने वाला यूपीएसआरटीसी प्रदेश का पहला परिवहन संगठन बन गया है। इससे अब हरदोई से दिल्ली की यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को अब लगभग छह घंटे में राजधानी दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
जाने कितने बजे चलेगी बस और क्या होगा किराया
परिवहन निगम द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक बसों का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 बजे और शाम 6 बजे किया जाएगा। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को समय की काफी बचत होगी। खास बात यह है कि जहां वाया बरेली दिल्ली का किराया 630 रुपये है, वहीं गंगा एक्सप्रेसवे मार्ग से दिल्ली पहुंचने के लिए यात्रियों को केवल 638 रुपये खर्च करने होंगे।
यानी मात्र आठ रुपये अतिरिक्त देकर यात्री कम समय में बेहतर और आरामदायक सफर का लाभ उठा सकेंगे।कार्यक्रम के दौरान मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की आधुनिक परिवहन व्यवस्था का प्रतीक बन चुका है और इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क और परिवहन सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक धनंजय मिश्रा, सुरसा ब्लॉक प्रमुख, डिपो प्रभारी, सहायक लेखाधिकारी समेत परिवहन निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और यात्रियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और नई बस सेवा शुरू होने पर खुशी जताई।नई सेवा शुरू होने के बाद लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब “दिल्ली दूर है” वाली कहावत हरदोई के यात्रियों के लिए काफी हद तक बदलती नजर आ रही है।