Hardoi News: हरदोई में हिमगिरी एक्सप्रेस से गिरकर महिला की मौत, बेटे ने पैदल पहुंचकर मांगी मदद
Hardoi News: हरदोई में चलती हिमगिरी एक्सप्रेस से गिरकर महिला की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर घायल हो गया। घायल बेटे ने पैदल स्टेशन पहुंचकर मदद मांगी।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई रेलखंड पर रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। टोडरपुर ब्लॉक क्षेत्र स्थित हुसैनापुर रेलवे फाटक के पास चलती हिमगिरी एक्सप्रेस से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसका बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र के प्यारेपुर तेंदुआ गांव निवासी 45 वर्षीय सुषमा वर्मा अपने बेटे दिवाकर के साथ पंजाब के लुधियाना जा रही थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों रोजगार की तलाश में रिश्तेदारों के पास जाने के लिए लखनऊ से 13041 हिमगिरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान ट्रेन में काफी भीड़ थी, जिसके चलते सुषमा कोच के दरवाजे के पास बैठी थीं, जबकि उनका बेटा कुछ दूरी पर खड़ा था।
मां को गिरता देख बेटे ने लगा दी छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रेन टोडरपुर क्षेत्र के हुसैनापुर रेलवे फाटक के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने से सुषमा ट्रेन से नीचे गिर गईं। मां को गिरता देख दिवाकर ने बिना अपनी जान की परवाह किए चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। हादसा इतना भयावह था कि सुषमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिवाकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बेटे ने पैदल पहुंचकर मांगी मदद
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दिवाकर ने हिम्मत नहीं हारी। बताया गया कि वह दर्द से कराहते हुए कई किलोमीटर पैदल चलकर टोडरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां मौजूद कर्मचारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और आरपीएफ ने डायल 112 व एंबुलेंस सेवा की मदद से मां-बेटे को हरदोई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिवाकर का इलाज जारी है।
परिवार में पसरा मातम
परिजनों ने बताया कि दिवाकर शादीशुदा है और उसकी तीन साल की एक बेटी भी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।