Hardoi News: सपा सांसद की टिप्पणी पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च

Hardoi News: हरदोई में सपा सांसद की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कलेक्ट्रेट तक आक्रोश मार्च निकालकर कार्रवाई की मांग की।

Update:2026-05-15 17:38 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई में समाजवादी पार्टी के सांसद आजेंद्र लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने शहर की सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान से हुई, जहां भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महिलाओं ने राजनीतिक जीवन में मर्यादित भाषा और शालीन व्यवहार बनाए रखने की अपील भी की।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला।मार्च के दौरान भाजपा समर्थकों ने सपा के खिलाफ जमकर नारे लगाए। महिलाओं का कहना था कि देश के प्रधानमंत्री के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे राजनीतिक वातावरण दूषित होता है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अपने शब्दों की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।कलेक्ट्रेट पहुंचने पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि को व्यक्तिगत टिप्पणी और अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

राजनीतिक निराशा में मर्यादा की सीमाएं पार कर रहे हैं

भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अलका गुप्ता ने भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के कुछ नेता राजनीतिक निराशा में मर्यादा की सीमाएं पार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश और विदेश में व्यापक समर्थन मिला है, जिसे विपक्ष पचा नहीं पा रहा है।

महिला मोर्चा की कार्यकर्ता अदिति कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश की जनता पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति को भुला नहीं सकी है और यही कारण है कि जनता ने भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने सपा नेताओं पर राजनीतिक भाषा की गरिमा गिराने का आरोप लगाया।प्रदर्शन के अंत में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में सांसद के खिलाफ कड़ी संवैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।इस दौरान जिला मंत्री नीतू चंद्रा, दीपा बिस्वास, शोभना सिंह, अनुराधा मिश्रा, चेता शुक्ला, निधि सिंह, विनीता पांडे, अलका सिंह, मालती, सुधा और साधना सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Tags:    

Similar News