Hardoi News: शादी की तैयारियों पर चोरों ने फेरा पानी, सेंधमारी कर लाखों की नकदी और जेवर पार
Hardoi News: हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में चोरों ने शादी की तैयारी के लिए रखी गई करीब दो लाख की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। परिवार में मातम जैसा माहौल है।
Hardoi News
Hardoi News: हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के अंधर्रा मजरा रूदौली गांव में गुरुवार रात चोरों ने एक परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया। गांव के बाहरी हिस्से में बने एक मकान को निशाना बनाते हुए बदमाश पीछे की दीवार काटकर घर के भीतर घुस गए और शादी के लिए जमा की गई नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में मातम जैसा माहौल है।
पीड़ित परिवार के अनुसार रात में सभी लोग घर के सामने वाले हिस्से, आंगन और बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान के पीछे पहुंचे और दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश कर गए। घर के कमरे में रखी अलमारी को खंगालते हुए बदमाश करीब दो लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। चोरी की भनक किसी को रात में नहीं लग सकी।
फरवरी में तय थी बेटी की शादी
सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला। पीछे की दीवार टूटी देखकर चोरी की जानकारी हुई। घटना सामने आते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि परिवार की बेटी की शादी अगले साल फरवरी में तय हुई है। उसी शादी की तैयारियों के लिए धीरे-धीरे रुपये और जेवर इकट्ठा किए गए थे, जिन्हें चोर उठा ले गए।घटना की सूचना मिलने के बाद सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घर के आसपास निरीक्षण कर परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस गश्त कम होने से चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल पुलिस संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।