Hardoi News: विवादों के बीच महाराजा बिजली पासी प्रतिमा का लोकार्पण, जिंदपीर चौराहे को मिलेगा नया नाम

Hardoi News: हरदोई के जिंदपीर चौराहे पर मंत्री नितिन अग्रवाल ने महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा का लोकार्पण किया, अब चौराहा नए नाम से जाना जाएगा।

Update:2026-05-16 21:44 IST

विवादों के बीच महाराजा बिजली पासी प्रतिमा का लोकार्पण, जिंदपीर चौराहे को मिलेगा नया नाम (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई शहर में शनिवार शाम राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं के केंद्र बने जिंदपीर चौराहे पर आखिरकार लगे पर्दे से सस्पेंस हट गया। उत्तर प्रदेश सरकार में आबकारी राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने नवनिर्मित चौराहे पर स्थापित महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।लोकार्पण समारोह को लेकर दोपहर से ही इलाके में हलचल बनी हुई थी। इससे पहले प्रतिमा को लेकर कई तरह की चर्चाएं और विरोध भी सामने आए थे। हालांकि शाम होते-होते बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग चौराहे पर जुट गए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

महाराजा बिजली पासी चौराहा के नाम से जाना जाएगा चौराहा

मंत्री नितिन अग्रवाल ने इस अवसर पर चौराहे पर लगाए गए शिलापट्ट का भी अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने महाराजा बिजली पासी के नाम के नारे लगाए और पूरे माहौल में उत्साह देखने को मिला। बताया गया कि अब तक जिंदपीर मजार के नाम से पहचाने जाने वाले इस चौराहे को आगे चलकर महाराजा बिजली पासी चौराहा के नाम से जाना जाएगा।

शहर में यह दूसरा प्रमुख चौराहा है जिसे नए स्वरूप के साथ विकसित किया गया है। इससे पहले शहर के चर्चित सिनेमा चौराहे का सौंदर्यीकरण कर वहां गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की गई थी। बाद में उस स्थान का नाम बदलकर गौतम बुद्ध चौक रखा गया था।

अब जिंदपीर चौराहे के नए नाम और प्रतिमा स्थापना को लेकर भी शहर में चर्चाओं का दौर जारी है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समर्थकों और आम नागरिकों की मौजूदगी रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। लोकार्पण के बाद लोगों ने चौराहे पर पहुंचकर प्रतिमा के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

Tags:    

Similar News