Hardoi News: जिंदपीर चौराहे की प्रतिमा को लेकर बढ़ा विवाद, भीम आर्मी और मदारी पासी मंच का प्रदर्शन

Hardoi News: हरदोई के जिंदपीर चौराहे पर स्थापित की गई प्रतिमा को लेकर विवाद बढ़ गया है। भीम आर्मी और मदारी पासी जागृति मंच ने प्रदर्शन कर मदारी पासी की प्रतिमा लगाने की मांग उठाई।

Update:2026-05-16 15:38 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई शहर के जिंदपीर चौराहे पर बनने वाले नए चौराहे और वहां स्थापित की गई प्रतिमा को लेकर विवाद गहराने लगा है। शाम छह बजे प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम से पहले ही विरोध के स्वर तेज हो गए। दोपहर के समय अचानक चौराहे पर बड़ी संख्या में भीम आर्मी और मदारी पासी जागृति मंच से जुड़े लोग पहुंच गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।दरअसल, पिछले कई दिनों से शहर में यह चर्चा चल रही थी कि जिंदपीर चौराहे पर किस महापुरुष की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा को अब तक कपड़े से ढंका रखा गया है, जिससे लोगों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच विरोध कर रहे संगठनों ने दावा किया कि इस स्थान पर मदारी पासी की प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि किसी अन्य व्यक्ति की प्रतिमा लगाई गई तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

चौराहे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण भी नजर आया

प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के एक पदाधिकारी ने कहा कि उनका संगठन सभी महापुरुषों का सम्मान करता है, लेकिन समाज के अपने नायकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पासी समाज के इतिहास और संघर्ष को नजरअंदाज करने की कोशिश की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।विरोध कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग मनमाने तरीके से फैसले लेना चाहते हैं और उन्हें लगता है कि शहर में उनकी बात का कोई विरोध नहीं करेगा।

पदाधिकारियों ने साफ कहा कि समाज अब जागरूक है और अपने महापुरुषों के सम्मान के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।चौराहे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण भी नजर आया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि लोकार्पण से पहले प्रतिमा को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए।फिलहाल पूरे शहर की नजरें शाम को होने वाले कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं, जहां प्रतिमा से जुड़ा सस्पेंस खत्म होने के साथ विवाद और बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News