Hardoi News: आधी रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, शादी से इनकार पर कमरे में खुद को मारी गोली

Hardoi News : हरदोई में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक ने शादी से इनकार पर कमरे में खुद को गोली मार ली, पुलिस जांच जारी

Update:2026-05-18 14:16 IST

Hardoi News 

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर के इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात हुई युवक की मौत के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नई बातें सामने आई हैं। शुरुआत में इस घटना को पुलिस के डर और पकड़े जाने की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अब मामला प्रेम संबंध और शादी से इनकार के विवाद से जुड़ा निकलकर सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने प्रेमिका के परिवार की ओर से रिश्ता ठुकराए जाने के बाद खुद को गोली मार ली।

पड़ोसी की दीवार के सहारे पहुंचता था युवक

यहां मृतक की पहचान हरपालपुर थाना क्षेत्र के बरनई चतरखा गांव निवासी लफेदार उर्फ कन्हैया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक उसका शहर के इस्लामनगर टिलिया इलाके में रहने वाली एक युवती से पिछले कई महीनों से संपर्क था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं और युवक अक्सर देर रात युवती से मिलने के लिए उसके मोहल्ले में पहुंचता था।

मोहल्ले के लोगों के अनुसार युवक रात के समय पड़ोसी के मकान की दीवार का सहारा लेकर युवती तक पहुंचता था। शनिवार और रविवार की रात करीब ढाई बजे भी वह उसी रास्ते से वहां पहुंचा था। इसी दौरान युवती के भाई की नजर उस पर पड़ गई।बताया जा रहा है कि युवक को देखते ही युवती के भाई ने शोर मचाना शुरू कर दिया और चोर-चोर कहकर लोगों को बुलाने लगा। आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। खुद को घिरता देख युवक घबराकर पास के एक मकान में कूद गया और अंदर जाकर कमरे में खुद को बंद कर लिया।

युवक करता रहा शादी की मांग

वहीं इस घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कमरे के बाहर से युवक को समझाने की कोशिश की। इस दौरान युवक लगातार युवती से शादी कराने की मांग करता रहा।

बताया जा रहा है कि युवक ने साफ कहा था कि अगर परिवार ने रिश्ता स्वीकार नहीं किया तो वह अपनी जान दे देगा। हालांकि युवती के परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। दोनों अलग-अलग जातियों से थे, जिसकी वजह से परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था।

कमरे के अंदर चली गोली, दरवाजा तोड़कर पहुंची पुलिस

जिसके कुछ देर बाद कमरे के भीतर से अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत कमरे का दरवाजा तोड़ा। जहां अंदर युवक का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।साथ ही मौके से 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ। वहीं घटना स्थल से कुछ दूरी पर युवक की पल्सर बाइक भी खड़ी मिली। युवक की हालत देखकर तुरंत अफरा-तफरी मच गई।

युवक पर पहले से दर्ज थे कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक युवक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। देर रात हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया।

Tags:    

Similar News