Hardoi News: बारिश ने खोली सड़कों की पोल, कंडौहुना पहुंचे सपा नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी

Hardoi News: हरदोई के कंडौहुना गांव में बारिश के बाद जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या सामने आई। सपा नेता ने जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

Update:2026-08-18 22:37 IST

Hardoi News

Hardoi News: बरसात के दिनों में जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने मंगलवार को हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र के कंडौहुना गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियां जानीं और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।ग्रामीणों ने बताया कि बारिश होते ही गांव को जोड़ने वाली सड़क पर पानी जमा हो जाता है। हालात इतने खराब हो जाते हैं कि सड़क और तालाब में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। जलभराव के कारण सड़क कई स्थानों पर टूट चुकी है और लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग उठाई।रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि हरदोई शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सड़क और जल निकासी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने नघेटा रोड, मेडिकल कॉलेज, आरआर इंटर कॉलेज और बाल विद्या भवन की ओर जाने वाले रास्तों समेत कई प्रमुख मार्गों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उनके अनुसार मन्ना पुरवा के पास लखनऊ मार्ग, बिलग्राम चुंगी, गुरुगुज्जा, राधानगर, इंदिरानगर, हरिपुरवा, चांद बेहटा और मंगली पुरवा मार्ग भी बारिश में प्रभावित हैं।

रामज्ञान गुप्ता ने  मिल रोड, आवास विकास कॉलोनी, आशा नगर, सुभाष नगर, आजाद नगर, कृष्णानगरिया, देविनपुरवा, कौशलपुरी और सर्कुलर रोड पर जलभराव का भी जिक्र किया। उनका आरोप है कि नालों, नालियों और जल निकासी की व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर साल बारिश के समय जनता को उन्हीं समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम नजर नहीं आते।सपा नेता ने कहा कि खराब रास्तों का असर केवल आम आवागमन पर नहीं पड़ रहा, बल्कि स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। पानी और कीचड़ से कई जगह सड़कें खतरनाक हो गई हैं।

उन्होंने दावा किया कि कंडौहुना रोड पर एक दिन पहले ई-रिक्शा पलटने की घटना में कई लोग घायल हुए और एक बच्चे के पैर में गंभीर चोट आई। उन्होंने प्रशासन से ऐसे स्थानों को चिह्नित कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि यदि जल्द सड़क मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था शुरू नहीं हुई तो समाजवादी कार्यकर्ता आंदोलन को और व्यापक करेंगे। ग्रामीणों ने भी समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए नाराजगी जताई।इस दौरान अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव दीपू, आकाश यादव, अंकित सिंह, श्याम गुप्ता, शुभम गुप्ता, सोनू गुप्ता, कपिल, रिंकू राजवंशी, राकेश, रवि शंकर, आशीष, शिवम, उमेश, सुभाष, मुकेश, बालकराम, सौरभ, नन्हे, प्रिंस, निखिल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News