Hardoi News: साइबर ठगी के शिकार लोगों को मिली राहत, हरदोई पुलिस ने वापस कराए 1.84 लाख रुपये

Hardoi News: हरदोई पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत, 1.84 लाख रुपये वापस दिलाए गए।

Update:2026-06-01 19:38 IST

 Hardoi News

Hardoi News : ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच हरदोई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई पीड़ितों को बड़ी राहत दिलाई है। मई 2026 के दौरान साइबर क्राइम थाना और जनपद पुलिस की सक्रियता के चलते विभिन्न साइबर धोखाधड़ी मामलों में कुल 1 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर अपराध से जुड़े मामलों की शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना टीम ने संबंधित बैंक, भुगतान प्लेटफॉर्म और अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर धनराशि को ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू की।

समय रहते कार्रवाई होने के कारण ठगी गई रकम का एक बड़ा हिस्सा वापस दिलाने में सफलता मिली।मई माह के दौरान दर्ज एक महत्वपूर्ण मामले में साइबर क्राइम थाने ने जांच के दौरान लगभग 1 करोड़ 21 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि को होल्ड कराया। इस मामले में पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

साइबर ठगी होने पर तत्काल एनसीआरबी पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें

इसके अलावा संडीला थाना क्षेत्र से जुड़े एक साइबर ठगी के मामले में पीड़ित को 60 हजार रुपये वापस दिलाए गए। वहीं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) के माध्यम से दर्ज दो अन्य शिकायतों में क्रमशः 1 लाख 11 हजार रुपये और 13 हजार 500 रुपये की रकम भी सफलतापूर्वक रिकवर कराकर संबंधित पीड़ितों के खातों में भेजी गई।पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या व्यक्तिगत विवरण किसी से साझा न करें।

किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 अथवा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ितों ने हरदोई पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों की वजह से उन्हें अपनी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।

Tags:    

Similar News