Hardoi News: कार्यभार संभालते ही एक्शन में नए आरएम गौरव वर्मा, निरीक्षण के बाद भंडारे का शुभारंभ

Hardoi News: नए आरएम गौरव वर्मा ने कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में आते हुए औचक निरीक्षण किया और बड़े मंगल के अवसर पर भंडारे का शुभारंभ कराया।

Update:2026-06-02 14:23 IST

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के हरदोई क्षेत्र को मंगलवार को नया क्षेत्रीय प्रबंधक मिल गया। नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली के संकेत दे दिए। कार्यालय में बैठकर औपचारिकताएं पूरी करने के बजाय उन्होंने सबसे पहले हरदोई बस डिपो का अचानक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।सुबह हरदोई पहुंचने के बाद गौरव वर्मा सीधे डिपो परिसर पहुंचे। उनके अचानक पहुंचने से कर्मचारियों और अधिकारियों में हलचल बढ़ गई।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बसों की उपलब्धता, रखरखाव, साफ-सफाई, संचालन व्यवस्था और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश्वर कुमार ने डिपो की वर्तमान स्थिति और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं से उन्हें अवगत कराया।नए क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिसर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही बस अड्डों पर स्वच्छता और सुविधाओं के स्तर को लगातार बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया।

व्यवस्थाओं को लेकर अपनी गंभीरता दिखाई

निरीक्षण पूरा करने के बाद गौरव वर्मा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने रोडवेज कर्मचारियों द्वारा आयोजित बड़ा मंगल के धार्मिक आयोजन में भी सहभागिता की। डिपो परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में पहुंचकर उन्होंने पूजा-अर्चना की और पारंपरिक विधि-विधान के साथ नौ कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद उनके हाथों से प्रसाद वितरण की शुरुआत कराई गई।

धार्मिक आस्था और प्रशासनिक सक्रियता का यह संगम दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। एक ओर नए आरएम ने निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को लेकर अपनी गंभीरता दिखाई, वहीं दूसरी ओर सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता कर कर्मचारियों के साथ आत्मीयता का संदेश भी दिया। कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की परिवहन सेवाओं में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।

Tags:    

Similar News