Hardoi News: महिला लेखपाल ने शाहाबाद एसडीएम पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Hardoi News: शाहाबाद में महिला लेखपाल ने एसडीएम पर अभद्र व्यवहार और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत लेकर निष्पक्ष जांच शुरू की।

Update:2026-07-07 10:35 IST

Hardoi News: हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील में तैनात एक महिला लेखपाल द्वारा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। महिला कर्मी ने शाहाबाद कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि एसडीएम ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जातिसूचक टिप्पणी की और अनुचित आचरण किया। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

महिला लेखपाल के अनुसार उनका हाल ही में बिलग्राम तहसील से शाहाबाद स्थानांतरण हुआ था। उन्होंने 25 जून को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण किया, जिसके बाद उन्हें कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया। उनका कहना है कि आंखों की समस्या के कारण उन्होंने पहले तहसीलदार और फिर एसडीएम से अनुरोध किया था कि उन्हें ऑफिस के बजाय अन्य कार्य दिया जाए। उनका आरोप है कि इस संबंध में बातचीत के दौरान एसडीएम ने पहले उनकी जाति पूछी और फिर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें चैंबर से बाहर जाने के लिए कहा गया

शिकायत में महिला लेखपाल ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का हवाला दिया तो उनकी बात को गंभीरता से लेने के बजाय आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उन्होंने कहा कि बातचीत का माहौल असहज होने पर उन्होंने तत्काल अपने पिता को फोन कर बुलाया।पीड़िता के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं और पूर्व में बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी रह चुके हैं, अन्य वकीलों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। महिला का आरोप है कि वहां उनके पिता के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें चैंबर से बाहर जाने के लिए कहा गया।

साथ ही निलंबन और स्थानांतरण जैसी कार्रवाई कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में वकील शाहाबाद कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News