Hardoi News: मुख्यमंत्री से मिलीं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती, विकास से जुड़े कई प्रस्ताव रखे
Hardoi News: हरदोई की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और समस्याएं रखीं।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती ने अपने पति एवं भाजपा नेता पीके वर्मा तथा पुत्र नीरज वर्मा के साथ लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हरदोई जनपद के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।मुलाकात के दौरान जिला पंचायत की ओर से प्रकाशित स्मारिका ‘संकल्प पथ’ भी मुख्यमंत्री को भेंट की गई। साथ ही जनपद में लंबे समय से लंबित विभिन्न परियोजनाओं और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने हरदोई में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की मांग उठाई, ताकि जिले के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। इसके अलावा जनपद मुख्यालय से सभी विकासखंडों तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सस्ती परिवहन सुविधा मिल सके। पत्रकारों की सुविधा के लिए हरदोई में आधुनिक प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गई। वहीं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इससे तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
वहीं कचहरी परिसर और अधिवक्ता चैंबरों के आधुनिकीकरण, एक हजार सीट क्षमता वाले आधुनिक प्रेक्षागृह के निर्माण तथा विकासखंड सुरसा में उच्च स्तरीय स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। इसके साथ ही शहर में आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। धार्मिक और पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भगवान नरसिंह और भक्त प्रह्लाद की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने, सांडी पक्षी विहार एवं धोबिया आश्रम के समग्र विकास और हरदोई में नए सर्किट हाउस के निर्माण की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। मुलाकात के बाद भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद हरदोई से जुड़े कई विकास कार्यों को जल्द गति मिल सकती है।