Hardoi News: पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले
Hardoi News: एसपी अशोक कुमार मीणा ने कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए चार पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले, नए दायित्व तत्काल प्रभाव से लागू किए गए।
पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले (Photo- Social Media)
Hardoi News: हरदोई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जनपद में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपाधीक्षकों के कार्यक्षेत्रों में बदलाव किया है। इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी कर नए दायित्वों का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश के अनुसार अब तक हरियावां सर्किल का कार्यभार संभाल रहे पुलिस उपाधीक्षक अजीत चौहान को नगर क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अधीन कोतवाली शहर, कोतवाली देहात और सुरसा थाने रहेंगे।
इसके अलावा उन्हें वीआईपी ड्यूटी, व्यापारी सहायता प्रकोष्ठ, न्यायालय सुरक्षा, साइबर थाना, मीडिया सेल, सर्विलांस सेल तथा इंटरपोल सेल जैसे महत्वपूर्ण प्रभार भी सौंपे गए हैं।नवागत पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मीकांत गौतम को हरियावां सर्किल का प्रभारी बनाया गया है। उनके अधीन हरियावां, टड़ियावां, पिहानी और बेनीगंज थाने रहेंगे। साथ ही अपराध, मॉनिटरिंग सेल, अभियोजन और समन सेल की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है।
पुलिस उपाधीक्षक प्रमा पटेल को बघौली सर्किल का प्रभार दिया गया है
इसी क्रम में अब तक लाइन और मिशन शक्ति सेल का दायित्व संभाल रही पुलिस उपाधीक्षक प्रमा पटेल को बघौली सर्किल का प्रभार दिया गया है। उनके कार्यक्षेत्र में बघौली, कछौना और महिला थाना शामिल रहेंगे। साथ ही महिला सहायता प्रकोष्ठ, एंटी रोमियो स्क्वॉड, वन स्टॉप सेंटर, रानी लक्ष्मीबाई सेल, मिशन शक्ति सेल और यश ऐप का दायित्व भी उनके पास रहेगा।
वहीं बघौली सर्किल की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण कुमार यादव को हरपालपुर/लाइन क्षेत्र का कार्यभार सौंपा गया है। उनके अधीन हरपालपुर, अरवल, लोनार, बेहटा गोकुल और सवायजपुर थाने रहेंगे।
इसके अतिरिक्त डीसीआरबी, नारकोटिक्स सेल, जन सूचना सेल, किशोर इकाई और चुनाव सेल की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी इस आदेश को जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए दायित्व मिलने के बाद सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।