Hardoi News: तेज रफ्तार रोडवेज बस ट्रक से भिड़कर पलटी, 46 यात्रियों की जान बाल-बाल बची
Hardoi News: तेज रफ्तार रोडवेज बस ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 46 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: हरदोई जनपद के कटरा-विल्हौर हाईवे पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब फर्रुखाबाद से हरदोई आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी और फिर पलट गई। बस में सवार 46 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।जानकारी के अनुसार, बस कन्हारी गांव के पास एक ढाबे के सामने पहुंची थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार होने के कारण बस पहले ढाबे के पास खड़े ट्रक से टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई।बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए, जबकि कुछ यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे और दरवाजे के रास्ते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार और रूपापुर चौकी प्रभारी अतुल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद बस चालक और परिचालक मौके से चले गए। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। इस दुर्घटना में बड़ा नुकसान टल गया। समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ी जनहानि होने से बच गई।