Hardoi News: संडीला की फैक्ट्री में छापा, आटा-मैदा के स्टॉक के पास मिला 100 बोरी संदिग्ध केमिकल

Hardoi News: हरदोई के संडीला औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर आटा-मैदा के स्टॉक के पास 100 बोरी संदिग्ध केमिकल बरामद किया। टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

Update:2026-08-10 15:38 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई जिले के संडीला औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। फेज-1 स्थित मेसर्स सावरिया इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में अधिकारियों ने औचक निरीक्षण और छापेमारी की। जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में खाद्य सामग्री के स्टॉक के नजदीक बड़ी मात्रा में सफेद पाउडर जैसा पदार्थ रखा मिला। विभागीय टीम ने करीब 100 बोरियों में रखे इस पदार्थ को संदिग्ध मानते हुए कब्जे में लेकर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी।अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री में फोर्टिफाइड आटा, मैदा और सूजी समेत अन्य खाद्य सामग्री का उत्पादन और भंडारण किया जा रहा था। इसी परिसर में संदिग्ध रासायनिक पदार्थ की मौजूदगी सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध रिकॉर्ड और स्टॉक की भी पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में इस पदार्थ के खाद्य सामग्री में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि इसकी वास्तविक प्रकृति और खाद्य पदार्थों पर प्रभाव की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद ही हो सकेगी।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संदिग्ध पदार्थ के इस्तेमाल को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री प्रतिनिधि की ओर से सफेद पाउडर को कैल्शियम बताते हुए इसे पशु आहार में इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई।अधिकारियों ने पदार्थ के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई और नमूने सुरक्षित किए। इसके बाद विभागीय टीम ने खाद्य पदार्थों के भी नमूने लिए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संबंधित सामग्री में किसी तरह की मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन तो नहीं किया गया है।खाद्य सुरक्षा विभाग ने फोर्टिफाइड चक्की आटा, मैदा, सूजी और बेसन सहित कई उत्पादों के नमूने सील कर परीक्षण के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और संदिग्ध पदार्थ के इस्तेमाल को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।मामले में विभाग की ओर से फैक्ट्री डायरेक्टर राजू अग्रवाल, बालकृष्ण अग्रवाल तथा प्रतिनिधि सर्वेश दुबे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में भी खलबली मची है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने साफ किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट की सील, निर्माण एवं समाप्ति तिथि और अन्य आवश्यक विवरण जरूर जांचें।

Tags:    

Similar News