Hardoi News: कैमरा ऑन होते ही पुलिस की ‘रवानगी’! युवक के आरोपों से उठे सवाल, वीडियो वायरल

Hardoi News: कैमरा ऑन होते ही पुलिसकर्मियों के चले जाने का वीडियो वायरल है। युवक के आरोपों ने पुलिस कार्रवाई और व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

Update:2026-08-09 14:32 IST

Hardoi News(Photo-Social Media)

Hardoi News: जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो कासिमपुर थाना क्षेत्र की गौसगंज चौकी से जुड़ा बताया जा रहा है। इसमें एक युवक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है। युवक का दावा है कि पुलिसकर्मी देर रात उसके घर पहुंचकर उसे अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।वायरल वीडियो में युवक अपनी बात रखते हुए पुलिसकर्मियों से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करता नजर आ रहा है। युवक का आरोप है कि रात के समय पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचते हैं और उसे परेशान करते हैं। इसी दौरान युवक ने मोबाइल कैमरा ऑन कर मौके की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। उसका कहना है कि कैमरा सामने आते ही पुलिसकर्मी वहां से अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए।

जगदंबा और पुलिस पर सांठ गांठ का आरोप

युवक ने वीडियो में एक व्यक्ति का नाम जगदंबा बताते हुए भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसके मुताबिक जगदंबा नाम का व्यक्ति गौसगंज चौकी में ही रहता है और उसी के कहने पर पुलिसकर्मी उसके साथ कथित तौर पर परेशान करने वाला व्यवहार कर रहे हैं। हालांकि युवक की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि युवक के आरोप सही हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं, यदि आरोपों में तथ्य नहीं हैं तो पुलिस की ओर से भी स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है, जिससे वायरल वीडियो के कारण पैदा हो रही भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटनाक्रम की वास्तविक वजह क्या है। पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News