Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन का बदलेगा डिजाइन? डीआरयूसीसी उठे सवाल, रेलवे ने दिया संशोधन का भरोसा
Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत प्रस्तावित भवन डिजाइन को लेकर डीआरयूसीसी बैठक में सवाल उठाए गए।
Hardoi News
Hardoi News: मंडल रेल कार्यालय मुरादाबाद में डीआरयूसीसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से जुड़े डीआरयूसीसी सदस्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान रेल अधिकारियों ने सदस्यों से यात्री सुविधाओं, स्टेशन व्यवस्थाओं और स्थानीय स्तर पर यात्रियों को होने वाली परेशानियों को लेकर चर्चा की और उनके सुझाव भी लिए।वर्चुअल बैठक में हरदोई से डीआरयूसीसी सदस्य नवीन अग्रवाल भी शामिल हुए। उन्होंने हरदोई रेलवे स्टेशन से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें और समस्याएं रेल अधिकारियों के सामने रखीं। इनमें सावन माह के दौरान यात्रियों की सुविधा को देखते हुए आलमनगर-योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन के हरदोई में ठहराव की मांग प्रमुख रही। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में हरदोई स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।बैठक के दौरान हरदोई रेलवे स्टेशन के अमृत भारत योजना के तहत चल रहे भवन निर्माण से जुड़े डिजाइन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
सांसद जयप्रकाश रावत भी जाता चुके हैं अपनी नाराजगी
नवीन अग्रवाल ने सांसद जयप्रकाश रावत की ओर से स्टेशन भवन के फ्रंट डिजाइन को लेकर जताई गई आपत्ति और नाराजगी का विषय रेल अधिकारियों के सामने रखा।उन्होंने कहा कि हरदोई रेलवे स्टेशन के साथ अन्य स्टेशनों की तुलना में अपेक्षित आकर्षण और सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने नजीबाबाद, बिजनौर, शाहजहांपुर और अमरोहा जैसे रेलवे स्टेशनों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां प्रस्तावित स्टेशन भवनों के डिजाइन अपेक्षाकृत बेहतर और आकर्षक दिखाई देते हैं, जबकि हरदोई स्टेशन के डिजाइन को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष है।नवीन अग्रवाल ने कहा कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार किए जा रहे कथित बदलावों को रेल यात्री स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि हरदोई रेलवे स्टेशन जिले का महत्वपूर्ण स्टेशन है, इसलिए इसके पुनर्विकास में भविष्य की जरूरतों और यात्रियों की अपेक्षाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
इस पर बैठक में सीनियर डीसीएम महेश यादव ने हरदोई स्टेशन भवन के डिजाइन को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्टेशन भवन का डिजाइन पुनरीक्षणाधीन है। अंतिम संशोधित डिजाइन तैयार होने के बाद इसकी जानकारी सांसद को दी जाएगी। इसके बाद सक्षम स्तर से अनुमोदन और सहमति प्राप्त होने के उपरांत ही कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।उन्होंने बताया कि संशोधित डिजाइन तैयार करते समय स्टेशन की कार्यक्षमता, यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश और निकास व्यवस्था, दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं, प्लेटफार्म से संपर्क व्यवस्था और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।बैठक के बाद हरदोई के रेल यात्रियों को उम्मीद है कि संशोधित डिजाइन में स्थानीय जरूरतों और यात्रियों की अपेक्षाओं को पर्याप्त महत्व मिलेगा और स्टेशन का विकास सुविधाजनक एवं आकर्षक स्वरूप में किया जाएगा।