रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की खुली पोल! निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज से लटकता मिला युवक का शव

Hardoi News: हरदोई रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज पर युवक का शव लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मौके से मिले दस्तावेजों और घटना से पहले की गतिविधियों की जांच में जुटी जीआरपी।

Update:2026-11-17 22:02 IST

रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की खुली पोल! निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज से लटकता मिला युवक का शव (Photo- Social Media)

Hardoi News:  रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हरदोई रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन नए फुट ओवरब्रिज पर मंगलवार शाम एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

शाम करीब 6:30 बजे मिली घटना की जानकारी

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, शाम लगभग 6:30 बजे निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज पर युवक का शव रेलवे ट्रैक और प्लेटफार्म की दिशा में लटका दिखाई दिया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद शव को नीचे उतरवाया गया।

जेब से मिला आधार कार्ड और बस का टिकट

पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान युवक के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। उस पर अमन सोनी नाम दर्ज है और पता गुजरात राज्य के गांधीनगर जनपद का बताया जा रहा है। इसके अलावा युवक की जेब से कानपुर से हरदोई तक का एक बस टिकट भी मिला है। हालांकि जीआरपी का कहना है कि केवल बरामद दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

महिला से कहासुनी की भी चर्चा

रेलवे स्टेशन पर काम कर रहे कुछ श्रमिकों के अनुसार, घटना से पहले युवक को एक महिला के साथ कहासुनी करते हुए देखा गया था। हालांकि इस बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक स्टेशन तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और घटना से पहले वहां क्या हुआ था।

सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज तक किसी बाहरी व्यक्ति की पहुंच कैसे हुई और वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे, यह जांच का विषय है।जीआरपी ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पुलिस जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags:    

Similar News