Hardoi News: तेज रफ्तार का कहर! आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, दो युवकों की मौत; दो गंभीर
Hardoi News: हरदोई के पाली थाना क्षेत्र में गोपालपुर गांव के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में सुधीर और सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव उर्फ अनुभव और प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए।
Hardoi News
Hardoi News: पाली थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोपालपुर गांव के पास तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे चार युवक दो अलग-अलग बाइकों से जा रहे थे। इसी दौरान गोपालपुर गांव के पास दोनों मोटरसाइकिलों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई।
भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में सुधीर (24) पुत्र अनिल निवासी गुजीदेई और सौरभ पुत्र संतोष निवासी सिंगुलापुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।वहीं, गौरव उर्फ अनुभव निवासी सिंगुलापुर और प्रिंस इस दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
खाई में मिला घायल युवक
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची तो चारों युवक घायल अवस्था में पड़े मिले। इनमें गौरव करीब आठ फीट गहरी खाई में मिला था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया है। दो युवकों की असमय मौत से उनके गांवों में शोक का माहौल है। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।