Hardoi News: डीआरएम की स्पेशल ट्रेन से घायल हुई महिला, रुकवाकर पहुंचाया अस्पताल

Hardoi News: मुरादाबाद मंडल के डीआरएम विनीत श्रीवास्तव ने महिला को घायल देखकर ट्रेन रुकवाई, उसे ट्रेन से हरदोई स्टेशन पहुंचाया और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

Update:2026-11-18 20:50 IST

डीआरएम की स्पेशल ट्रेन से घायल हुई महिला, रुकवाकर पहुंचाया अस्पताल (Photo- Newstrack)

Hardoi News:  रेलवे स्टेशन के डाउन होम सिग्नल के पास बुधवार को एक महिला डीआरएम मुरादाबाद की विशेष ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारियों और सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, हादसा रेलवे ट्रैक पर किलोमीटर संख्या 1175/32 से 34 के बीच हुआ। उस समय मुरादाबाद मंडल के डीआरएम विनीत श्रीवास्तव अपनी विशेष ट्रेन से विंटर ट्रॉली इंस्पेक्शन करते हुए काकोरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हरदोई के निकट महिला ट्रेन की चपेट में आ गई।

डीआरएम ने रुकवाई स्पेशल ट्रेन

महिला को घायल अवस्था में देखकर डीआरएम विनीत श्रीवास्तव ने तत्काल अपनी विशेष ट्रेन रुकवा दी। उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल महिला को ट्रेन में बैठाया और हरदोई रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक नरसी लाल मीणा को निर्देश दिए कि महिला को बिना देरी किए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जाए और उसके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजी गई महिला

घटना की सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से हरदोई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

महिला की पहचान नहीं हो सकी

प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार पांडे के मुताबिक, घायल महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वह फिलहाल ऐसी स्थिति में नहीं है कि अपना नाम और पता बता सके। पुलिस महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। इस घटना के बाद रेलवे अधिकारियों की सक्रियता के साथ ही डीआरएम द्वारा घायल महिला की मदद के लिए दिखाई गई तत्परता की चर्चा हो रही है।

Tags:    

Similar News