Hardoi News: एक फोन कॉल, 50 हजार की रिश्वत और फिर हुआ बड़ा खेल, नगर पालिका का बाबू गिरफ्तार

Hardoi News: बिलग्राम नगर पालिका में जेम पोर्टल से खरीदे गए जनरेटर के बिल भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत, भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बिछाया जाल।

Update:2026-11-18 23:15 IST

एक फोन कॉल, 50 हजार की रिश्वत और फिर हुआ बड़ा खेल, नगर पालिका का बाबू गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Hardoi News: हरदोई। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने हरदोई जिले में बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका परिषद बिलग्राम में तैनात एक वरिष्ठ लिपिक को 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया।

जेम पोर्टल से खरीदे गए जनरेटर के बिल के भुगतान के बदले मांगी थी रकम

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से जनरेटर की खरीद की थी। खरीद से संबंधित बिल का भुगतान कराने के लिए वह नगर पालिका परिषद बिलग्राम के कार्यालय में संपर्क कर रहा था। आरोप है कि इस भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में वहां वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात रुपेश खन्ना ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से इसकी शिकायत की।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ मंडल की टीम ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की। इसके बाद निर्धारित योजना के तहत ट्रैप टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। 18 नवंबर 2026 को टीम ने आरोपी रुपेश खन्ना को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। वहीं पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में लखनऊ मंडल की ट्रैप टीम ने पूरे अभियान को अंजाम दिया।

बिलग्राम थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुपेश खन्ना पुत्र स्वर्गीय सतगुरु शरण खन्ना, निवासी मोहल्ला खतराना, कस्बा एवं थाना बिलग्राम, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। आरोपी नगर पालिका परिषद बिलग्राम में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत था।गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना बिलग्राम में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News