Hathras News: हाथरस में मलेरिया से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, ग्रामीणों को किया जागरूक

Hathras News: हाथरस में स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया। नयाबास में स्वास्थ्य शिविर, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और घर-घर जागरूकता अभियान चलाया गया।

By :  G Singh
Update:2026-08-12 17:25 IST

Hathras News

Hathras News: बारिश शुरू होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। मच्छरों के कारण मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव, कस्बों और शहर के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को साफ-सफाई और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक कर रही हैं।इसी क्रम में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय मलेरिया टीम ने विकासखंड महौ के गांव नयाबास का भ्रमण किया। विभाग को गांव में मलेरिया के एक मामले की जानकारी मिली थी।

जांच में पता चला कि गांव का एक युवक मथुरा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। बुखार आने पर उसकी मलेरिया की जांच कराई गई, जिसमें वह मलेरिया पॉजिटिव पाया गया।मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नयाबास पहुंची और मरीज के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई। टीम ने गांव में भ्रमण कर आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया।इस दौरान ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों को विशेष रूप से घरों में रखे कूलर, फ्रिज, खाली डिब्बों, गमलों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने देने की सलाह दी गई।

इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ की चिकित्सीय टीम द्वारा गांव में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। बुखार से पीड़ित मरीजों की रक्त पट्टिकाएं तैयार की गईं और आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया।ग्राम प्रधान अजय कुमार के सहयोग से एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। साथ ही नाले-नालियों की सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्य भी कराए गए, ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।जिला स्तरीय टीम में जिला मलेरिया अधिकारी प्रदीप रावत, चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष, आईएफडब्ल्यू अनंत कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News