Hathras News: हाथरस में निकली भव्य तिरंगा रैली, विद्यार्थियों ने दिया हर घर तिरंगा का संदेश

Hathras News: हाथरस में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली में स्कूली छात्रों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

By :  G Singh
Update:2026-08-11 18:31 IST

Hathras News

Hathras News: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 को लेकर मंगलवार को स्कूली विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने और हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और उदीयमान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा रैली का आयोजन पीबीएएस इंटर कॉलेज, हाथरस से अलीगढ़ रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क तक किया गया। रैली को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक रणवीर सिंह और जिला उपक्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश शर्मा मौजूद रहे।सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी के घोष दल ने बैंड की धुनों के साथ रैली की अगुवाई की। विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। रैली में पीबीएएस इंटर कॉलेज, श्री रामबाग इंटर कॉलेज, श्री अक्रूर इंटर कॉलेज और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना बनाए रखने तथा राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।रैली के दौरान यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा अतुल कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ल, डीओसी स्काउट धीरेन्द्र सिंह, एएनओ गोपाल सिंह, ज्ञानेन्द्र यादव, जितेन्द्र सिंह, बसंत सिंह सहित जिला स्टेडियम के प्रशिक्षक मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News