बाप रे...चलती कार पर गिरा हाईमास्ट पोल, सपा नेता की मौके पर मौत, दिल दहला देगा Video
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के एक नेता की जान चली गई।
Pratapgarh News
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के एक नेता की जान चली गई। घटना अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार की है, जहां एक चलती कार पर अचानक विद्युत हाईमास्ट पोल गिर पड़ा। इस दुर्घटना में कार सवार सपा नेता लाल बहादुर यादव की मौके पर ही गंभीर चोट लगने से मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार बाबूगंज बाजार निवासी लाल बहादुर यादव रविवार दोपहर अपनी कार से शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाबूगंज स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट का पोल खड़ा करने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि पोल को क्रेन की मदद से स्थापित किया जा रहा था, तभी वह अचानक असंतुलित होकर सड़क से गुजर रही उनकी कार पर गिर पड़ा। पोल गिरते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे लाल बहादुर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे यादव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सहायता से उन्हें तत्काल अंतू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पेट्रोल पंप के पास हाईमास्ट पोल लगाने के दौरान वह अचानक झुककर नीचे गिर जाता है और कार उसकी चपेट में आ जाती है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रतापगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हादसे में इस्तेमाल की गई हाइड्रा/क्रेन को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की बात कही है।