Shravasti News: इकौना पुलिस ने 50 हजार के इनामी चोर को चोरी के आभूषण व नगदी के साथ किया गिरफ्तार
Shravasti News: श्रावस्ती के थाना इकौना पुलिस ने विभिन्न चोरी की घटनाओं में फरार 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण और नगदी बरामद हुई है।
Shravasti News
Shravasti News: जिले की थाना इकौना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न चोरी की घटनाओं में फरार 50 हजार रुपये के इनामी शातिर आरोपी को चोरी के आभूषण और नगदी के साथ गिरफ्तार कर लिया।एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना इकौना परमानन्द तिवारी के निर्देशन में थाना इकौना पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
थाना उपनिरीक्षक राजेश यादव मय पुलिस टीम थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा अपराधियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना इकौना में दर्ज मु0अ0सं0 06/2026, 14/2026, 18/2026, 21/2026 व 26/2026 धारा 305(a), 331(4), 317(2) बीएनएस से संबंधित चोरी की घटनाओं में फरार 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बस स्टैंड कस्बा भिनगा के पास से गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि घेराबंदी कर आरोपी आशीष पासवान उर्फ ननका पासवान पुत्र शत्रोधन पासी निवासी ग्राम शुक्लपुरवा, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न चोरी की घटनाओं से संबंधित आभूषण एवं नगदी बरामद हुई।
थाना इकौना पुलिस टीम के अनुसार, आरोपी के कब्जे से मु0अ0सं0 14/2026 से संबंधित एक सफेद धातु की अंगूठी व 500 रुपये नगद, मु0अ0सं0 18/2026 से संबंधित 600 रुपये नगद, मु0अ0सं0 06/2026 से संबंधित एक पैर का सफेद धातु का पायल, मु0अ0सं0 21/2026 से संबंधित एक पैर का सफेद धातु का पायल तथा मु0अ0सं0 26/2026 से संबंधित दो बच्चों के गुजहा/कड़ा बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपी ने बरामद सामान को चोरी की घटनाओं से संबंधित होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर श्रावस्ती समेत अन्य जनपदों में चोरी और लूट के 9 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें कार्रवाई जारी है।क्षेत्राधिकारी ने बताया कि, “अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है, जो दिन में रेकी कर रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। इसकी गिरफ्तारी से चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।” उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की सराहना भी की।