Shravasti News: जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए पुलिस लाइन सभागार में आयोजित हुआ विशेष प्रशिक्षण
Shravasti News: श्रावस्ती में जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए पुलिस लाइन सभागार में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर आयोजित इस सत्र में डिजिटल जनगणना, स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया और HLOSE पोर्टल के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई ताकि डेटा संग्रहण पारदर्शी और सुरक्षित हो सके
Shravasti News: भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 को देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना के रूप में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रावस्ती में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया को सफलतापूर्वक लागू करने, आमजन को जागरूक करने एवं पुलिस विभाग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसपी राहुल भाटी के निर्देश व अपर पुलिस अधीक्षक चद्रकेश सिंह की अध्यक्षता में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण सहायक अध्यापक आशीष कुमार एवं सहायक अध्यापक मनमोहन पांडेय अलक्षेन्द्र इण्टर कॉलेज भिनगा द्वारा प्रतिभागियों को डिजिटल जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, ऑनलाइन स्व-गणना प्रणाली, पोर्टल संचालन, डेटा सुरक्षा एवं आमजन को जागरूक करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। दौरान प्रशिक्षकों ने बताया गया कि जनगणना-2027 भारत की पहली ऐसी जनगणना होगी जिसमें नागरिक स्वयं एचएलओएसई (HLOSE) पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल, सुरक्षित एवं समयबद्ध होगी।
प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल जनगणना के विभिन्न लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि ऑनलाइन प्रणाली अपनाए जाने से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक तेज एवं त्रुटिरहित होगी तथा आंकड़ों का सुरक्षित डिजिटल भंडारण संभव हो सकेगा।इसके माध्यम से शासन को योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण एवं विकास कार्यों की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में सहायता प्राप्त होगी।
स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया के अंतर्गत नागरिक स्वयं आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि पोर्टल का इंटरफेस अत्यंत सरल एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाया गया है, जिससे आमजन मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षकों द्वारा एचएलओएसई (HLOSE) पोर्टल की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पोर्टल सुरक्षित, व्यवस्थित एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ है, जिसके माध्यम से डेटा की गोपनीयता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नागरिकों को बार-बार जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी तथा स्वयं द्वारा भरी गई सूचनाओं में विश्वसनीयता बनी रहेगी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल जनगणना एवं स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें तथा आमजन को पोर्टल के उपयोग के लिए प्रेरित करें, जिससे शासन की इस महत्वपूर्ण एवं आधुनिक पहल को सफल बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा डिजिटल पोर्टल संचालन एवं स्व-गणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएं भी पूछी गईं, जिनका प्रशिक्षकों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के साथ-साथ जनपद स्तर पर व्यापक जन-जागरूकता स्थापित करना भी रहा। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार, डीसी संतोष प्रजापति एवं जनपद के समस्त थाना व यूनिटों से नामित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।