मुसलमान न आवे,सीधी बात...,कहते हुए हिंदू रक्षा के नेता पिंकी चौधरी ने छीन ली खाने की प्लेट, मचा बवाल
Pinky Chaudhary: पिंकी चौधरी लोगों को पूड़ी-सब्जी बांटते दिखाई देते हैं, लेकिन इसी दौरान वह कहते सुनाई देते हैं कि “कोई मुसलमान हमारा खाना ना पाए। हिंदू आएगा तो उसे खाना देंगे।”
Pinky Chaudhary
Pinky Chaudhary: हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी एक बार फिर अपने विवादित बयान और व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह भंडारे के दौरान कथित तौर पर एक मुस्लिम युवक के हाथ से प्लेट छीनते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पिंकी चौधरी लोगों को पूड़ी-सब्जी बांटते दिखाई देते हैं, लेकिन इसी दौरान वह कहते सुनाई देते हैं कि “कोई मुसलमान हमारा खाना ना पाए। हिंदू आएगा तो उसे खाना देंगे।” उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद कुछ लोग हंसते और ठहाके लगाते भी दिखाई दे रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वीडियो गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जहां पिंकी चौधरी उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोगों ने इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बताया, जबकि कुछ समर्थकों ने उनके बयान का समर्थन भी किया। विवाद बढ़ने के बाद पिंकी चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो करीब 20 दिन पुराना है और उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। उनका कहना है कि यह हिंदुओं का धार्मिक कार्यक्रम था और उसमें मुसलमानों की मौजूदगी उचित नहीं थी। इसी वजह से उन्होंने मुस्लिम युवक को भोजन देने से इनकार किया।
यह पहला मौका नहीं है जब पिंकी चौधरी अपने बयानों को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले भी उन्होंने हिंदू परिवारों को ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह दी थी। गाजियाबाद के एक कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की थी कि चौथे बच्चे के जन्म पर वह 21 हजार रुपये और पांचवें बच्चे के जन्म पर 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देंगे। इसके अलावा दिसंबर 2025 में भी वह सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने हिंदू परिवारों को “आत्मरक्षा” के नाम पर तलवारें बांटी थीं। इस मामले में पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार भी किया था। उनके कई बयान पहले भी सांप्रदायिक तनाव को लेकर विवाद खड़े कर चुके हैं।