Mainpuri News: मैनपुरी में शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला, 2027 में बदलाव का दावा
Mainpuri News: मैनपुरी पहुंचे शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार को घेरा, 2027 में सपा की वापसी का दावा किया और कानून-व्यवस्था समेत कई राजनीतिक मुद्दों पर सवाल उठाए।
मैनपुरी में शिवपाल यादव का भाजपा पर हमला, 2027 में बदलाव का दावा (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वह शहर के गोला बाजार स्थित जेपी मैरिज हॉल में सपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष शमीम मंसूरी की बहन के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखी।
समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी -शिवपाल यादव
शिवपाल यादव ने दावा किया कि देश और प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है, जिसके कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा और समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी।
सपा प्रमुख Akhilesh Yadav की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों के मामले में भी शिवपाल यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। साथ ही सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
शंकराचार्य Avimukteshwaranand Saraswati द्वारा भाजपा पर लगातार किए जा रहे हमलों को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि केवल गेरुआ वस्त्र पहन लेने से कोई संत नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि संतों की अपनी मर्यादा और भाषा होती है, हालांकि इस विषय पर उन्होंने अधिक टिप्पणी करने से परहेज किया।
2027 के चुनाव में जनता स्वयं बदलाव का निर्णय लेगी -शिवपाल यादव
वर्ष 2027 के चुनाव में सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग की आशंका पर शिवपाल यादव ने कहा कि जब किसी सरकार की मनमानी अपनी सीमा पार कर जाती है, तब जनता स्वयं बदलाव का निर्णय लेती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है।
संभावित विपक्षी गठबंधन के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत है। उन्होंने संकेत दिए कि चुनावी परिस्थितियों के अनुसार उन दलों से बातचीत की जा सकती है, जिनमें भाजपा को चुनौती देने और चुनाव जीतने की क्षमता हो।