Mainpuri News: मैनपुरी में करंट लगने से 26 वर्षीय किसान की मौत, बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण झुलसे
Mainpuri News: मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम कोकदा खानापारा में खेत में पड़े करंटयुक्त तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय किसान अवनीश की मौत हो गई।
Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम कोकदा खानापारा में करंट लगने से एक 26 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे तीन अन्य ग्रामीण भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों ने खेत में जानबूझकर बिजली का करंट छोड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अवनीश (26) पुत्र सुरेश चंद्र के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अवनीश शुक्रवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर जा रहा था। आरोप है कि गांव निवासी कश्मीर सिंह के खेत की मेड़ के पास झटका मशीन से जुड़ा एक खुला बिजली का तार पड़ा था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। अवनीश अनजाने में उस तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
अवनीश की चीख-पुकार सुनकर गांव के प्रवेश पुत्र बदन सिंह (28), विशेष कुमार पुत्र सर्वेश (27) तथा कल्याण सिंह पुत्र अनोखे लाल (48) उसे बचाने के लिए दौड़े। बचाव के प्रयास में वे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली के संपर्क को खत्म कर चारों को करंट से अलग किया।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।
मृतक के चचेरे भाई दीपु ने आरोप लगाया कि खेत पर लगाए गए झटका तार में जानबूझकर करंट छोड़ा गया था और खुला तार पड़ा होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अवनीश अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। परिवार में उसकी मां, पत्नी रुचि, पांच वर्षीय पुत्र तथा एक बड़ा भाई है। खेती और मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण करता था।
थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।