Jalaun सिलेंडर ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मदद का दिया भरोसा
Jalaun News: उरई के शांति नगर में हुए हादसे में 23 लोग घायल हुए थे। मंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर बेहतर इलाज और नियमानुसार आर्थिक सहायता का भरोसा दिया।
जालौन सिलेंडर ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मदद का दिया भरोसा (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के शांति नगर में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट हादसे के बाद बुधवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने सभासद माता प्रसाद के आवास पर पहुंचकर हादसे में घायल हुए लोगों के परिजनों का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस हादसे में कुल 23 लोग घायल हुए थे, जिनमें 13 बच्चे, पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं।
घायलों के इलाज की ली जानकारी
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पीड़ित परिवारों से बातचीत कर घायलों के स्वास्थ्य और अस्पतालों में चल रहे उपचार की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने अपनी परेशानियां भी उनके सामने रखीं। मंत्री ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत के अनुसार सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आर्थिक सहायता दिलाने का भी दिया भरोसा
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में है और घायलों के उपचार की स्थिति पर नजर रख रही है। सरकार की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों से समन्वय बनाकर राहत देने के निर्देश
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर राहत और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि हादसे से प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रदेश सरकार उनकी हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री की इस मुलाकात से पीड़ित परिवारों को उपचार और आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।