Jalaun News: जालौन हाईवे पर चलती कार में आग, टोल कर्मियों और पुलिस ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला
Jalaun News: जालौन के एट टोल प्लाजा के पास हाईवे पर चलती कार में आग लग गई। टोल कर्मियों और पुलिस की मदद से आग पर काबू पाया गया। बड़ा हादसा टल गया।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: एट टोल प्लाजा के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कानपुर-झांसी हाईवे पर दौड़ रही एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार धूं-धूं कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटें देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कार सवार लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाईवे टोल प्लाजा के पास कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग लगते ही कार सवारों ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना पुलिस व टोल कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टोल कर्मचारियों की मदद से पानी से भरे टैंकर के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
आग लगने के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।