Jalaun News: पति के अफेयर के शक में टूटी शिक्षिका; 3 मासूम बच्चों को छोड़ फंदे पर झूली मां, घर में मचा कोहराम!
Jalaun News: पति के कथित अवैध संबंधों के शक में मानसिक तनाव से जूझ रही सिरसाकलार की शिक्षिका रेखा देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Jalaun News: थाना क्षेत्र के गांव लहर कनार में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति के कथित अवैध संबंधों के शक में मानसिक तनाव से जूझ रही एक महिला शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था विवाद
जानकारी के अनुसार गांव लहर कनार निवासी रेखा देवी (35) पत्नी अनूप कुमार प्रजापति कस्बा सिरसाकलार में अपने परिवार के साथ रहती थीं। रेखा देवी कस्बे के बालिका इंटर कॉलेज सिरसाकलार में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। वहीं उनके पति अनूप कुमार गांव में दूध डेयरी का संचालन करते थे और रोजाना मोटरसाइकिल से गांव आते-जाते थे। बताया जा रहा है कि अनूप कुमार के गांव की एक महिला से अवैध संबंध होने के शक को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव और मनमुटाव चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। परिजनों के मुताबिक रेखा देवी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे रेखा देवी ने अपने मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना के समय घर में मौजूद बच्चों की हालत बेहद खराब थी। मृतका अपने पीछे दो बेटियां परी (16), शिवांगी (11) और तीन वर्षीय पुत्र राम को छोड़ गई हैं।
पुलिस जांच में जुटी
मृतका का मायका गढ़र बिनौरा में बताया गया है। घटना की सूचना मायके पक्ष को दे दी गई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक मायके पक्ष के लोग मौके पर नहीं पहुंच सके थे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।