Jalaun News: चार ग्राम पंचायतों में 1.28 करोड़ की अनियमितता, डीएम ने एफआईआर और वसूली के दिए निर्देश

Jalaun News: जालौन की चार ग्राम पंचायतों में 1.28 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आने पर डीएम ने सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने और सरकारी धन की वसूली के निर्देश दिए हैं।

By :  Afsar Haq
Update:2026-07-06 16:38 IST

Jalaun News

Jalaun News: जालौन में वर्ष 2019-20 के ग्राम पंचायत ऑडिट में 1.28 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता सामने आने पर जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने दोषी पूर्व ग्राम प्रधानों और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने तथा सरकारी धनराशि की भू-राजस्व के माध्यम से वसूली कराने के निर्देश दिए हैं।

जालौन जनपद की चार ग्राम पंचायतों में वर्ष 2019-20 के ऑडिट के दौरान 1,28,02,096 रुपये की वित्तीय अनियमितता उजागर होने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिला विकास अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव प्रशांत सुभाष दुबे एवं संबंधित पूर्व ग्राम प्रधानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और सरकारी धन की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।सहायक निदेशक/जिला लेखा परीक्षा अधिकारी की ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार विकास खंड नदीगांव की ग्राम पंचायत गंथरा, तीतरा खलीलपुर, धंजा और क्योलारी में विकास कार्यों के नाम पर किए गए व्यय में गंभीर अनियमितताएं मिलीं।

जांच के दौरान कैशबुक, माप पुस्तिका, स्टॉक रजिस्टर, व्यय प्रमाणक और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे खर्च की पुष्टि नहीं हो सकी।ऑडिट में गंथरा में 13.05 लाख, तीतरा खलीलपुर में 51.64 लाख, धंजा में 19.03 लाख तथा क्योलारी में 44.28 लाख रुपये की अनियमितता पाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पूर्व प्रधानों और तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव से 50-50 प्रतिशत के अनुपात में धनराशि वसूलने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


Tags:    

Similar News