Jalaun News: जालौन खेत में मिला 40 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव, जांच में जुटी पुलिस
Jalaun News: जालौन में खेत से 40 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Jalaun News(Photo-Social Media)
Jalaun News: जालौन युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भकरोल निवासी 40 वर्षीय राजकुमार पुत्र बालादीन वंशकार का शव सोमवार को गांव के बाहर खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों ने खेत में शव देखा तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही नदीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मृतक राजकुमार अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।